सुर-संगीत पर आधारित टीवी शो ‘दिल है हिंदोस्तानी’ में शनिवार शाम आठ बजे टीवी चैनल स्टार प्लस पर हिमाचल के ऊना जिला की बेटी सुरों के तराने छेड़ेगी। मशहूर गायक हंसराज हंस, मास्टर सलीम जैसे दिग्गजों को अपनी सुरीली आवाज से कायल कर चुकी रजिया शान इस मंच पर अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी।
ऊना के सरहदी क्षेत्र मैहतपुर के साथ लगते बनगढ़ गांव के बैंड मास्टर शान मोहम्मद की छोटी बेटी रजिया को गाने का शौक बचपन से ही था। रजिया के नगमों के बिना स्कूली कार्यक्रम भी पूरा नहीं माना जाता था। कल ही मुंबई से लौटी रजिया ने शुक्रवार को अमर उजाला से बातचीत में बताया कि संगीत में प्रो. परमहंस आहुजा को वह अपना उस्ताद मानती हैं।
घर में ही संगीत का रियाज उनके पिता शान मोहम्मद करवाते हैं। गरीबी में पली बढ़ी रजिया ने कहा कि वह एक अन्य टीवी शो ‘गबरू पंजाब दे’ में अव्वल रह चुकी हैं। एक पंजाबी चैनल पर ‘आवाज पंजाब दी’ शो के दौरान हंसराज हंस तथा मास्टर सलीम ने उसकी आवाज की काफी तारीफ की और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
रजिया ने कहा कि हंसराज हंस ने तो उनकी आवाज की तुलना तो नूरा सिस्टर से की थी। रजिया को राहत फतेह अली खान के गीत बोल मिट्टी दे बाबेया... से खासी पहचान मिली। क्षेत्र के लोग तथा उनके चाहने वाले ऊना की इस बेटी के लिए जीत की दुआ मांग रहे हैं।