हिमाचल के किन्नौर जिले के सांगला वन विभाग में कार्यरत चौकीदार जगरनाथ की बेटी विनाक्षी ने खेलो इंडिया खेलो यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में रजत पदक जीता है।
ठाकुर सेन नेगी राजकीय महाविद्यालय रिकांगपिओ की छात्रा विनाक्षी ने भुवनेश्वर (ओडिशा) में आयोजित खेलो इंडिया, खेलो यूनिवर्सिटी गेम्स के बॉक्सिंग मुकाबले में रजत पदक जीता है। बेटी की उपलब्धि से पिता जगरनाथ और माता उर्मिला बेहद खुश हैं।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी गंगा लाल नेगी ने बताया कि 26 फरवरी से एक मार्च तक चल रहे खेलो इंडिया, खेलो यूनिवर्सिटी गेम्स के 57 किलोग्राम भार वर्ग में एचपीयू से विनाक्षी का मुकाबला फाइनल में जूनियर वर्ल्ड चैंपियन पूनम पुनिया के साथ हुआ।
इस कड़े मुकाबले में विनाक्षी को हार का सामना करना पड़ा। विनाक्षी की इस उपलब्धि पर उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद, प्रदेश वन निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी, विधायक किन्नौर जगत सिंह नेगी, खेल अधिकारी गंगा लाल, जिला बॉक्सिंग संघ अध्यक्ष गोपी चंद, कोच ओपिंदर नेगी ने बधाई दी है।
कोच ओपिंदर नेगी ने बताया कि विनाक्षी ने सातवीं कक्षा से बॉक्सिंग खेलना शुरू किया है। 2016 में विनाक्षी ने सिल्वर मेडल, 2018 में अंडर 19 राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिता में गोल्ड, यूथ नेशनल में सिल्वर मेडल, 2019 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।