चिकित्सकों, सफाई और पुलिस कर्मचारियों की तरह हिमाचल के डाक विभाग मंडल हमीरपुर में कार्यरत चालक जगदीश सिंह भी कोरोना योद्धा के रूप में उभरे हैं। लॉकडाउन में जब सब बसें और यातायात के साधन बंद रहे तो चालक ने विभाग के वाहन में रोजाना करीब 300 किलोमीटर तक का सफर कर लोगों तक गांव-गांव जाकर डाक को पहुंचाया। इस डाक में दवाइयां, जरूरी सामान, नौकरी के कॉल लेटर, रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट और अन्य दस्तावेज शामिल रहे।
जगदीश ने राजाना औसतन 15 घंटे गाड़ी चलाकर यह डाक गांव-गांव तक पहुंचाई। सुबह घर से निकलने के बाद कई बार काम समाप्त कर आधी रात को घर पहुंचे, लेकिन अगली सुबह फिर उसी जज्बे के साथ अपनी ड्यूटी पर निकल पड़े। जगदीश सिंह ने कहा वे 16 साल से ड्राइविंग का कार्य कर रहे हैं। डाक विभाग मंडल हमीरपुर के प्रवर अधीक्षक भवानी प्रसाद ने कहा कि अब तो अधिकतर रूटों पर बसें चल पड़ी हैं तो उनका काम कम हो गया है, लेकिन लॉकडाउन में उन्होंने सराहनीय सेवाएं दी हैं।