रामपुर स्थित कोशिश एक आशा विशेष स्कूल के छात्र अक्षय कुमार योग शिक्षा लेने के बाद किन्नौर जिले की दुर्गम पंचायत रूपी में छात्रों को योग सिखा रहे हैं। दिव्यांग अक्षय ने योग गुरु रणजीत सिंह के सानिध्य में ट्रिपलएच योग समिति गानवी के तत्वावधान में योग शिक्षा ली है। 14 जून को नगर परिषद मैदान कांगड़ा में त्रिगर्त योग केंद्र के सानिध्य में वज्रासन में 44 मिनट का विश्व कीर्तिमान योग वर्ल्ड बुक में दर्ज करवाया है।
अपनी श्रेणी में यह विश्व कीर्तिमान बनाने वाले अक्षय विश्व के पहले व्यक्ति हैं। योग गुरु रणजीत सिंह ने बताया कि अक्षय ने पहली बार रामपुर में कोशिश एक आशा स्कूल में 2017 में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष योग शिविर लगाया था। इसके बाद निरंतर अभ्यास शुरू किया और 2019 में विश्व कीर्तिमान बनाया। अक्षय कुमार ने आज किन्नौर जिले के रूपी पंचायत के स्कूलों में जाकर छात्रों को योग के बारे में जानकारी दी और योगासन करवाया।