प्रदेश के हमीरपुर जिले के बड़सर के गारली क्षेत्र के गांव कोटलू की दिव्या रतन ने गुरू नानक देव विश्वविद्यालय अमृतसर से एमएससी ह्यूमन जेनेकटिक्स के ऑनर्स कोर्स में गोल्ड मेडल हासिल किया है। दिव्या ने कोर्स में 96.66 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। दिव्या बीएससी ऑनर्स में भी गोल्ड मेडलिस्ट रही हैं।
दिव्या की बड़ी बहन शिखा शर्मा पंजाब कृषि विश्वविद्यालय से एमएससी पैथोलॉजी में गोल्ड मेडल प्राप्त कर चुकी हैं और वर्तमान में पंजाब विवि में वैज्ञानिक पैथोलॉजी के पद पर नियुक्त हैं। दिव्या के पिता मनोज शर्मा स्वास्थ्य विभाग में शल्य कक्ष पर्यवेक्षक हैं। माता सुषमा शर्मा शिक्षा विभाग में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं।
दोनों बेटियों ने गोल्ड मेडल हासिल कर प्रदेश का नाम चमकाया है। दिव्या का कहना है कि बेटियों को आगे बढ़ने के लिए परिवार का सहयोग मिले तो वे किसी भी मुकाम को छू सकती हैं। इधर, गारली क्षेत्र के पूर्व बीडीसी सदस्य राकेश शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुखदेव राणा, हंस राज शर्मा ने दोनों बहनों को बधाई दी है।