राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सैनवाला के12वीं कक्षा के छात्र दीपांश राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। दीपांश के चयन से स्कूल सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
दीपांश ने कुल्लू में आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 97 किलोग्राम वर्ग की कुश्ती में जिला का प्रतिनिधित्व किया था। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता।
इसके चलते उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। वह 97 किलोग्राम भार वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का स्थल एवं समय अभी चयनित नहीं है।
इसके अलावा स्कूल के बारहवीं कक्षा के एक अन्य छात्र शौर्य का चयन जेवलिन थ्रो की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता हमीरपुर में होगी। स्कूल के दो छात्र खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होने से स्कूल में खुशी का माहौल है।
प्रधानाचार्य अपर्णा गोयल ने कहा कि इस सफलता का श्रेय दोनों खिलाड़ियों, शारीरिक शिक्षक संजीव शर्मा व मनोज सिंह की कड़ी मेहनत को जाता है। प्रधानाचार्या ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी है।