राष्ट्रीय स्तर पर चित्रकारी में अपना नाम चमकाने के बाद कुल्लू के युवा चित्रकार दीप धनंजय अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दुबई में 28 सितंबर से दो अक्तूबर तक होने जा रहे आर्ट कैंप और प्रदर्शनी में प्रतिभा दिखाएंगे।
दिल्ली स्थित अंतरराष्ट्रीय संस्था रेनबो आर्ट ग्रुप की ओर से लगाए जाने वाले कैंप में दुनिया भर के प्रसिद्ध चित्रकार हिस्सा लेंगे। भारत से 18 सदस्यों के दल में हिमाचल से धनंजय इकलौते चित्रकार हैं, जो इस कैंप में अपनी लोक संस्कृति से सराबोर पेंटिंग का प्रदर्शन करेंगे।
धनंजय ने कहा कि प्रदर्शनी में अपनी राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित शृंगा ऋषि की चैहणी कोठी पर आधारित पेंटिंग के साथ देवी हिडिंबा, नग्गर का गौरी शंकर मंदिर, कुल्लू के पुरातन जीवन पर आधारित लोक संस्कृति, कुल्लू-मनाली की खूबसूरती पर आधारित चित्रों का प्रदर्शन किया जाएगा।
गौर रहे कि धनंजय भुंतर में अपनी चित्रकला अकादमी चला रहे हैं। इसमें वह बच्चों को चित्रकला की बारीकियां सिखा रहे हैं। कुल्लू के केहर सिंह ठाकुर, सूरत ठाकुर, शेरू बाबा, डॉ. राजेश, मीनाक्षी, जीवानंद, आरती ठाकुर, दीन दयाल, शमशेर सिंह, भूषणदेव, श्याम, भूपिंद्र आदि कलाकारों ने धनंजय को बधाई दी है।