प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से घोषित किए गए हिंदी सहायक प्राध्यापक (कॉलेज कैडर) की परीक्षा में चंबा की कियाणी पंचायत से ताल्लुक रखने वाली शिल्पा शर्मा ने प्रदेश में टॉप किया है। शिल्पा शर्मा की उपलब्धि पर पति केवल कृष्ण और सास-ससुर फूले नहीं समां रहे।
शिल्पा शर्मा ने उपलब्धि का श्रेय पति और परिजनों को दिया है। प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से हिंदी सहायक प्राध्यापक (कॉलेज कैडर) का परिणाम घोषित किया गया।
परिणाम में जिला चंबा की ग्राम पंचायत कियाणी के गांव रागघुई निवासी शिल्पा शर्मा केवल कृष्ण ने प्रदेश भर में प्रथम स्थान हासिल किया है। शिल्पा शर्मा वर्ष 2016 में राज्य पात्रता परीक्षा (सेट) और 2013 की भाषा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एलटी टेट) की भी टॉपर रह चुकी हैं।
वे जेआरएफ क्वालीफाइड हैं तथा वर्तमान में राजकीय प्राथमिक पाठशाला अल्हेल खण्ड-मैहला द्वितीय में जेबीटी के पद पर तैनात हैं। शिल्पा शर्मा ने बताया कि उनके पति केवल कृष्ण डिग्री कॉलेज तेलका में राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता हैं। लोक सेवा आयोग की परीक्षा के लिए वे रोज सुबह और शाम के समय निकाल कर पढ़ाई करती थी।