ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले हिमाचल के मुक्केबाज आशीष चौधरी ने नौ साल की उम्र में ही बॉक्सिंग के गलव्ज थाम लिए थे। 8 जुलाई, 1994 को स्व. भगतराम डोगरा के घर जन्मे आशीष चौधरी में बचपन से मुक्केबाजी का जुनून रहा है। वह एमएलएसएम कॉलेज में कोच नरेश वर्मा के पास कोचिंग लेने जाते थे। आशीष हिमाचल के पहले बॉक्सर हैं, जो ओलंपिक में खेलेंगे।
आशीष नेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, 2015 में हुई ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में रजत, इंडोनेशिया में हुई एशिया टेस्ट इवेंट इंटरनेशनल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीत चुके है। आर्मी स्पोर्ट्स संस्थान पुणे में गत वर्ष 27 अक्तूबर से 2 नवंबर तक हुई सीनियर राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भी आशीष ने कांस्य जीता था।
यूक्रेन में 21वीं इंटर नेशनल बॉक्सिंग, रशिया में 10वीं इंटरनेशनल बॉक्सिंग, राउंड रोबिन इंटरनेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट, विश्व सीरीज आफ बॉक्सिंग, इंडिया ओपन इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भी वह भाग ले चुके हैं। हाल ही में बुल्गारिया में हुए 70वें स्ट्रेंडजा कप और प्रेजीडेंट कप में भी वह देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
देश का मान बढ़ाएंगे आशीष
मंडी जिला खेल अधिकारी एवं कोच नरेश वर्मा ने बताया कि आशीष ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर लिया है। उन्हें पूरा विश्वास है कि आशीष अपना पूरा दमखम दिखाते हुए टोक्यो से मेडल लाकर देश का मान बढ़ाएंगे।