हिमाचल के मंडी जिले के दो गबरू यूएसए और ऑस्ट्रेलिया की धरती पर अपनी ताकत दिखाएंगे। दोनों युवाओं का चयन आरनोल्ड क्लासिक वर्ल्ड स्ट्रांगेस्टमैन प्रतियोगिता के लिए यूएसए तथा ऑस्ट्रेलिया के लिए हुआ है। प्रतियोगिता का आयोजन यूएसए में 3 मार्च, ऑस्ट्रेलिया में 16 मार्च को होगा।
दोनों युवाओं ने हाल ही में देहरादून में स्ट्रांगेस्टमैन ऑफ इंडिया प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडल जीते हैं। सानिध्य बख्शी ने 80 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड, जबकि यतीश कटोच ने 120 किग्रा भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर सूबे का नाम रोशन किया है। दोनों खिलाड़ी स्टेट लेवल पर पहले कई दफा शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं।
देहरादून में 24 दिसंबर को स्ट्रांगमैन कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। अमर उजाला से विशेष बातचीत में यतीश और सानिध्य ने कहा कि बॉडी बिल्डिंग के साथ ही वे लगातार इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।
देहरादून में नेशनल प्रतियोगिता में काफी कुछ सीखने को मिला है। यूएसए और ऑस्ट्रेलिया में होने वाली प्रतियोगिता में 30 देशों के खिलाड़ी चयनित हुए हैं। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए हर दिन मेहनत कर रहे हैं।
यह है स्ट्रांगगेस्ट मैन प्रतियोगिता
स्ट्रांगगेस्ट मैन प्रतियोगिता में भारी चीजों को जैसे कार पुल (रस्से से गाड़ी खींचना), एक्सल क्लीन एंड प्रेस (110 किग्रा भारी वजन को कंधे पर उठाना) और एक्सल डैड लिफ्ट में 220 किग्रा से अधिक वजन उठाना पड़ता है।
दोनों का हुआ चयन
स्ट्रांगगेस्ट मैन कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के सीईओ अर्जुन गुलाटी ने कहा कि हिमाचल के मंडी जिले से दो खिलाड़ियों का चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। साथ ही इन खिलाड़ियों यतीश कटोच को कॉरपोरेशन का हिमाचल सचिव और सानिध्य बख्शी को उप सचिव नियुक्त किया गया है। दोनों खिलाड़ी यूएसए और ऑस्ट्रेलिया में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।