मंडी के सरकाघाट स्कूल की छात्रा अनिका कौशल के लिए अमर उजाला फाउंडेशन की अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति किसी वरदान से कम नहीं है। अनिका का सपना एस्ट्रोनॉट बनने का है। उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2016-17 में छात्रवृत्ति परीक्षा पास कर तीस हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्राप्त की।
इससे वे अपनी इच्छा के मुताबिक प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए स्टडी मैटीरियल खरीद रही हैं। अपने सपने को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं। वे वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरकाघाट में जमा एक नॉन मेडिकल की पढ़ाई कर रही हैं।
अनिका का कहना है कि इस परीक्षा को पास करने और छात्रवृत्ति प्राप्त करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। वे मानती हैं कि अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकती हैं। एस्ट्रोनॉट कल्पना चावला को आदर्श बनाकर पढ़ाई कर रहीं अनिका ने इस बार भी इस छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है।
उन्हें इस बार भी परीक्षा पास कर छात्रवृत्ति लेने का पूरा भरोसा है। अनिका के पिता महेंद्र पॉल स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी दूसरों के लिए प्रेरणा बन गई है। उसका छोटा भाई भी नौवीं कक्षा पास कर छात्रवृत्ति परीक्षा देने के लिए तैयार है।
बहन के साथ उसकी भी पढ़ाई में रुचि बढ़ी है। बेटी को मिली छात्रवृत्ति से उनका आर्थिक बोझ भी कम हुआ है। बेटी समसामयिक विषयों और नॉन मेडिकल तथा अंतरिक्ष विज्ञान की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए किताबें और सामग्री अपने स्तर पर खरीद रही है।