हिमाचल की एक और बेटी टीवी सीरियल में अपनी अभियान प्रतिभा का प्रदर्शन करते नजर आएगी। हिमाचल की बेटी आलिशा पंवर ने अपने दमदार अभिनय के दम पर धाक जमाई है।
सोलन जिले के कुनिहार के ऊंचागांव की आलिशा कलर्स टीवी के थ्रिलर शो इश्क में मर जावां में लीड रोल निभाएंगी। इसकी अधिकांश शूटिंग शिमला, कुल्लू और मनाली की हसीन वादियों में हुई है।
इससे पूर्व वह कलर्स टीवी पर प्रसारित होने वाले टीवी सीरियल ‘थपकी प्यार की’ में सह एक्टर, जीटीवी पर जंवाई राजा और एंड टीवी पर बेगू सराय धारावाहिक में भी अहम भूमिका निभा चुकी हैं।
स्कूल के समय आलिशा ने अक्कड़-बक्कड़ बांबे बो में बतौर बाल कलाकार कार्य करके अपने अभिनय को निखारना शुरू कर दिया था।
उन्होंने ताराहाल स्कूल शिमला से जमा दो की शिक्षा पूरी की। आलिशा अपने स्वर्गीय दादा ज्ञान चंद पंवर को अपना आदर्श मानती हैं।
उनकी प्रेरणा से छोटे-छोटे मंचों से अपने अभिनय को निखारते हुए आज शिखर को छू लिया है। उन्हें दमदार अभिनय की बदौलत सरोज खान की ओर से वर्ष 2013 में विशेष रूप से सम्मानित किया जा चुका है।
20 सितंबर से कलर्स टीवी पर प्रसारित होने वाले नए धारावाहिक इश्क में मर जावां में आलिशा लीड रोल में हैं। वह अभिनेता अर्जुन बिजलानी के साथ डबल रोल निभा रही हैं।आलिशा शिमला क्वीन का खिताब भी अर्जित कर चुकी हैं।
उनके पिता डीके पंवर शिमला हाईकोर्ट में एडवोकेट हैं। माता अनिता पंवर शिमला के आरट्रेक स्कूल में वाइस प्रिंसिपल हैं। एक छोटी बहन है। आलिशा पंवर ने बताया कि उसे इस मुकाम तक पहुंचाने में उनके माता-पिता का पूरा सहयोग है। उन्होंने कदम-कदम पर उनका हौसला बढ़ाया है।