विज्ञापनों और हिंदी धारावाहिक ‘कसौटी जिंदगी की’ में प्रेरणा की पुत्री स्नेह का किरदार निभाने वाली नूरपुर की मूल निवासी श्रेया शर्मा साउथ फिल्मों में अपनी एक्टिंग का जादू चला चुकी है। साउथ फिल्मों के सुपर स्टार एवं निर्माता नागार्जुन और चिरंजीवी की फिल्मों में वह तेलगू फिल्म गायकड़ू और निर्मला कान्वेंट में काम कर चुकी हैं।
दोनों फिल्में हिट रही हैं। मूलत: हिमाचल के नूरपुर की रहने वाली श्रेया का जन्म पालमपुर में हुआ है। उनके ननिहाल पालमपुर के सुलह गांव में हैं। आजकल वह अपने ननिहाल आई हुई हैं। बकौल श्रेया अपनी मेहनत और संघर्ष से ही वह आज इस मुकाम पर पहुंची हैं।
कहा कि हिमाचल के कलाकारों को फिल्मी इंडस्ट्री में काम करने का मौका मिले, उसके लिए यहां पर एक फिल्म एकडेमी खोलने की इच्छा है। हालांकि, उन्होंने हिंदी फिल्मों में बतौर हीरोइन रोल नहीं किया है। उन्हें इसके काफी ऑफर आए हैं। लेकिन, कानून की पढ़ाई करने वाली श्रेया डिग्री हासिल करने के बाद हिंदी फिल्मों में बतौर नायिका कदम रखेंगी।