अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के गणतंत्र दिवस पर प्रस्तावित नई दिल्ली दौरे पर जम्मू-कश्मीर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसके लिए हिमाचल पुलिस और केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों ने बॉर्डर की कांबिंग शुरू कर दी है, जिससे कि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति हिमाचल के भीतर प्रवेश न कर पाए और यहां के रास्ते नई दिल्ली का रुख न करे। इसके अलावा मैंसेजर ऑफ गॉड फिल्म पर विवाद के बाद भी पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में खास नजर रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
राज्य पुलिस मुख्यालय के सूत्रों ने बताया है कि 26 जनवरी को नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर बराक ओबामा के विजिट से पहले जहां देश भर में सतर्कता बरती जा रही है, वहीं हिमाचल के संवेदनशील सीमाई क्षेत्र पर भी विशेष निगाह रखी जा रही है। चंबा जिले का लगभग 216 किलोमीटर लंबा बॉर्डर जम्मू-कश्मीर के डोडा, कठुआ और अन्य आतंकवाद प्रभावित क्षेत्रों से सटा हुआ है।