सदर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए जानलेवा हमला मामले में फरार चल रहे चौथे और मुख्य शूटर अमन कुमार उर्फ काकू को बिलासपुर पुलिस हरियाणा के रोहतक से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। शनिवार को आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जिला पुलिस एक साल से आरोपी की तलाश पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में कर रही थी। आरोपी अमन कुमार (20) पुत्र अशोक कुमार, निवासी रटोली (रोहतक) पर हरियाणा में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हमने आरोपी की कस्टडी ट्रांसफर करवा ली है। अभी उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जिससे जेल में शिनाख्त परेड करवाई जा सके। पहचान सुनिश्चित होने के बाद ही पुलिस रिमांड लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी। -शिव चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर