राजधानी शिमला में कोरोना के पांच नए मामले आए हैं। इसके अलावा रामपुर में भी एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। रामपुर से आईटीबीपी का जवान कोरोना संक्रमित निकला है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला शिमला डॉक्टर सुरेखा चोपड़ा ने इसकी पुष्टि की है। शिमला शहर में शुक्रवार को कोरोना वायरस के एकसाथ पांच मामले आने से हड़कंप मचा रहा। इनमें बालूगंज में चार नए मामले आए हैं, जिनमें तीन वह लोग हैं जो कश्मीर से आए व्यक्ति के संपर्क में आए थे। इसके अलावा जब वह होम क्वारंटीन पर थे तो इनके साथ रहने वाला एक और व्यक्ति भी संपर्क में आकर पॉजिटिव पाया गया है। इसके अतिरिक्त दिल्ली से सब्जी का ट्रक शिमला लेकर आने वाला एक चालक भी पॉजिटिव पाया गया है। बताया जा रहा है कि चालक शिमला में रहता है और लगातार आवश्यक खाद्य सामग्री लेकर आता जाता है। इस बीच जब चालक की तबीयत कुछ खराब होने लगी तो स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस चालक का परीक्षण करवाया था।