फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: बालुगंज बाजार में पार्किंग की दरकार, ट्रैफिक जाम से चौपट हो रहा कारोबार

विज्ञापन
विज्ञापन
बाजार का हाल
विज्ञापन

बाजार में खरीदारी करने से कतराता है आम ग्राहक, तीनों तरफ से वाहन आने और संकरी सड़क के चलते हो रही दिक्कत
तारादेवी, चक्कर और समरहिल से आते थे लोग खरीदारी करने
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के बालुगंज बाजार में एक साथ तीन सड़कों के मिलने से हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। यहां बाजार में एक मिनट के लिए भी कोई ग्राहक वाहन पार्क कर दे तो तीनों तरफ का ट्रैफिक रुक जाता है।
सुबह और शाम के पीक ऑवर्स में यहां जाम लगना आम बात हो गई है। इस जाम की मुख्य वजह बालुगंज में पार्किंग व्यवस्था का न होना है। कई बार बाजार से चौड़ा मैदान की ओर पार्किंग बनाए जाने के प्रस्ताव बने, लेकिन आज तक जमीनी स्तर पर बालुगंज के लोगों को पार्किंग की सुविधा नसीब नहीं हो पाई। इस सड़क पर हर साल ट्रैफिक बढ़ा है, जिससे जाम की समस्या बालुगंज बाजार की मुख्य समस्या बन गई है। इस समस्या से न केवल आम लोग परेशान हैं, बल्कि कारोबारी भी खासे चिंतित हैं। कारोबारियों का कहना है कि इसी वजह से उनका कारोबार भी घट गया है।
विज्ञापन

ग्राहक इस बाजार में लगने वाले जाम के कारण खरीदारी करने से बचते हैं। वहीं जो ग्राहक पैदल आते हैं, उन्हें भी हर समय बाजार में बढ़े ट्रैफिक की चपेट में आकर हादसे का शिकार होने का डर सताता है। यहां कई बार हादसे भी हो चुके हैं। बालुगंज चौक से स्वास्थ्य केंद्र के मोड़ से बाजार में प्रवेश करने और बालुगंज स्कूल के पास पुराने बस अड्डे की ओर जाने वाली सड़क की उतराई शुरू होने वाले स्थान पर हर समय वाहनों के टकराने और राहगीरों के इनकी चपेट में आने का खतरा बना रहता है। स्थानीय कारोबारी शहर के इस पुराने बाजार को बचाने और यहां आने वाले ग्राहकों की सुरक्षा व सुविधा के लिए लंबे समय से पार्किंग बनाए जाने की मांग उठाते आए हैं, जो आज तक पूरी नहीं हुई।


कई बार मिले पार्किंग बनाने के आश्वासन
बालुगंज चौक में स्मार्ट सिटी के तहत भवन बना और डंगे लगाए गए। उम्मीद थी कि यहां एक पार्किंग भी बनेगी लेकिन आज तक बालुगंज के लोगों और बाजार में आने वाले ग्राहकों को गाड़ी पार्क करने के लिए पार्किंग नहीं मिली। नगर निगम के हर वार्ड में पार्किंग बनी, मगर बालुगंज में नहीं। इससे ग्राहक मार्केट नहीं आता और कारोबार दिनों-दिन कम हो रहा है। सरकार और प्रशासन जल्द पार्किंग का निर्माण करवाएं तो समस्या हल होगी।
-प्रमोद थापर, कारोबारी


ट्रैफिक और पार्किंग है मुख्य समस्या
बालुगंज शहर के सबसे पुराने बाजारों में से एक है। आज पार्किंग जैसी मूल समस्या, बढ़ते ट्रैफिक और जाम के कारण बाजार का कारोबार कम हो गया है। ग्राहक इस बाजार में आते हुए घबराता है, क्योंकि उसे गाड़ी पार्क करने के लिए जगह तक नहीं मिलती। बाजार में गाड़ी पार्क हो जाए तो चालान हो जाता है। बालुगंज में पार्किंग बने तो सारी समस्या का समाधान हो जाएगा।
-राकेश कुमार जैन, अध्यक्ष, व्यापार मंडल बालुगंज


वाहन पार्क करने के लिए बने जगह
बालुगंज बाजार से होकर हर समय चलने वाले ट्रैफिक को कम करने का कोई तरीका निकाला जाए जिससे ग्राहक पैदल बाजार में आसानी से खरीदारी कर सकें। इसके साथ ही बाजार में पार्किंग आज की मुख्य जरूरत है, ताकि गाड़ी में आने वाले ग्राहक बिना किसी चिंता के अपनी गाड़ी पार्क करके खरीदारी कर सकें। ऐसी सुविधाएं मिलने पर ही कारोबार बढ़ सकता है।
विज्ञापन

-अजय रावत, कारोबारी


पार्किंग निर्माण के लिए देखी है जगह : थापा
बालुगंज वार्ड के पार्षद दलीप थापा ने कहा कि बालुगंज बाजार की मुख्य समस्या पार्किंग का न होना और इस सड़क पर ट्रैफिक का बढ़ा हुआ बोझ है। बालुगंज बाजार के एक छोर पर पार्किंग निर्माण के लिए जगह उपयुक्त है। यदि यहां पार्किंग बन जाए तो इससे बाजार के कारोबारियों सहित बालुगंज क्षेत्र में रहने वाले लोगों की समस्या हल हो जाएगी। इसके अलावा, स्कूल के बाहर जो जगह है, वहां कुछ वाहनों को पार्क करने की अनुमति मिले और सीधे गाड़ी को चौड़ा मैदान की ओर मोड़ने पर रोक लगाकर वाहनों को बालुगंज चौक से मोड़ने की व्यवस्था लागू की जाए तो भी समस्या कुछ कम हो सकती है। पार्किंग का यह मामला सदन और सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें