अचार संहिता के बीच चोरी छिपे प्रदेश में पहुंचाई जा रही शराब
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। लोकसभा चुनाव के दौरान बीबीएन में बाहरी राज्यों से चोरी छिपे शराब आ रही है। पुलिस की लाख कोशिश के बाद भी अवैध शराब का धंधा रुकने का नाम नहीं ले रही है। बद्दी पुलिस ने वार्ड तीन स्वराज माजरा में एक कार से अवैध शराब पकड़ी। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ आबकारी एवं कराधान अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस जानकारी के टीम को गुप्त सूचना मिली की हरियाणा के नवां नगर गांव निवासी करण कुमार एक कार में अवैध शराब लेकर आया है। पुलिस ने सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर जब कार की जांच की तो चार पेटियां शराब की पकड़ीं। चालक से जब इसका अनुमति पत्र मांगा तो वह दिखाने में असमर्थ रहा। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेने के बाद करण कुमार के खिलाफ आबकारी एवं कराधान अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पकड़ी गई शराब हरियाणा में बेचने के लिए मान्य है, जबकि उसे चोरी छिपे हिमाचल लाया गया। उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने कार को सीज करने के बाद शराब को कब्जे में ले लिया है। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।