हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी और बारिश के बाद मंगलवार से मौसम साफ रहेगा। एक हफ्ते तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। सोमवार को मनाली के सोलंगनाला, मढ़ी, गुलाबा, रोहतांग समेत लाहौल की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई जबकि कुल्लू और मनाली में हल्की बारिश हुई।
चंबा की पांगी घाटी में 24 घंटे से बर्फबारी का दौर चलता रहा। किलाड़ में तीन इंच तक बर्फबारी हो चुकी है जबकि घाटी की ऊंचाई वाली पंचायतें सुराल और हुडान में पांच-पांच फीट तक बर्फ गिरी है। गत्तीधार में भूस्खलन से हमल-टिकरी मार्ग पर डंगा गिरने से बसें फंसी रहीं।
किन्नौर जिले के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी से कई संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा कि मंगलवार से मौसम का मिजाज बदल जाएगा। मैदानी इलाकों में धूप खिली रहेगी जबकि ऊंचाई और मध्यम ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। उन्होंने कहा कि 22 मार्च तक प्रदेश भर में मौसम साफ रहेगा।
न्यूनतम तापमान- शिमला 5.2, सुंदरनगर 10.4, भुंतर 8.5, कल्पा -6.0, धर्मशाला 8.2, ऊना 9.0, नाहन 12.3, केलांग -4.7, पालमपुर 8.5, सोलन 8.5, मनाली 2.4, कांगड़ा 10.4, बिलासपुर 12.6, हमीरपुर 11.5, मंडी 11.0
पलम, बादाम और खुमानी की फ्लावरिंग पर असर- मार्च में बर्फबारी और बारिश के कारण बढ़ी ठंड से पलम, आड़ू, बादाम और खुमानी की फ्लावरिंग पर असर पड़ रहा है। गेहूं समेत लहसुन और प्याज की फसल पर भी मौसम की मार पड़ रही है। रामपुर क्षेत्र में लगातार बारिश होने से पलम, आडू़ और अन्य फसलों के फूल गिरने से नुकसान हो रहा है।