विजेता रहने वाले बच्चे को 25 हजार रुपये का मिलेगा नकद पुरस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026 के तहत 10 जून को दो प्रमुख प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता और माय चैंपियन डॉग शो करवाए जाएंगे। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से रानी झांसी पार्क में स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता मेरा बच्चा मेरा अभिमान होगी।
यह प्रतियोगिता सुबह 10:00 से दोपहर 2:00 बजे तक चलेगी। इसमें 0 से 60 माह तक के बच्चे तीन आयु वर्गों में भाग ले सकेंगे। बच्चों का मूल्यांकन पोषण, शारीरिक माप, विकास और स्वच्छता जैसे मानदंडों पर होगा। अभिभावकों को जन्म प्रमाण पत्र और टीकाकरण कार्ड की फोटोकॉपी लानी होगी। प्रथम विजेता को 25,000 रुपये, द्वितीय को 20,000 रुपये और तृतीय को 15,000 रुपये मिलेंगे। पंजीकरण शुल्क 10 रुपये है। इसी तरह पशुपालन विभाग की ओर से माय चैंपियन डॉग शो का आयोजन पूर्वाह्न 11:00 से दोपहर 3:00 बजे तक होगा। इसका लक्ष्य पालतू पशुओं के प्रति जागरूकता और जिम्मेदार पशुपालन को बढ़ावा देना है। कुत्तों को छोटे, मध्यम और बड़े आकार की तीन श्रेणियों में बांटा जाएगा। पुलिस डॉग स्क्वॉड भी इसमें विशेष भागीदारी करेगा। चैंपियन ऑफ द शो को 21,000 रुपये और प्रत्येक श्रेणी के प्रथम विजेता को 11,000 रुपये दिए जाएंगे।