सोमवार से पर्यटकों को भी फोर बाई फोर वाहनों में जाने की अनुमति दी गई। इधर, पर्यटन नगरी मनाली में सैर सपाटे का आनंद लेने आए पर्यटक अटल टनल का दीदार भी कर सकेंगे। प्रशासन ने पर्यटकों को फोर बाई फोर वाहनों में सोलंगनाला से आगे भेजना शुरू कर दिया है। हालांकि, अन्य पर्यटक वाहनों को फिलहाल सोलंगनाला से आगे जाने की अनुमति नही है। सड़क पर ब्लैक आइस जमने की आशंका को देखते हुए पर्यटकों के लिए समय सीमा निर्धारित की गई है। पर्यटक सुबह 10:00 से शाम 4:00 बजे तक ही सोलंगनाला से आगे जा सकेंगे। सोलंगनाला तक सभी प्रकार के वाहन जा रहे हैं। पर्यटकों ने सोमवार को भारी संख्या में सोलंगनाला पहुंचकर बर्फ के बीच अठखेलियां की। अटल टनल होकर कई पर्यटक लाहौल की बर्फीली वादियों में पहुंचे। सोलंगनाला से फातरु तक पर्यटकों की भीड़ उमड़ी।
पांच घंटे कुमारहट्टी-सोलन बाईपास रहा बंद
कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर कुमारहट्टी-सोलन बाईपास पर शमलेच नेचर रिट्रिट के समीप गल्याणा पानी के समीप चट्टानें गिर गई। इस कारण बायपास करीब पांच घंटे बंद रहा। पुलिस की ओर से कुमारहट्टी-बड़ोग-सोलन से वाहनों की आवाजाही को डायवर्ट किया। बाईपास पर भूस्खलन करीब सुबह 7:30 बजे हुआ। गनीमत यह रही कि जिस दौरान सड़क पर पत्थर गिरने शुरू हुए, उस समय कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। भूस्खलन के बाद वाहन चालकों को काफी दिक्कतें आईं।
पांवटा-शिलाई नेशनल हाईवे 12 घंटे बाधित
वहीं, पांवटा-शिलाई नेशनल हाईवे शिल्ला के पास भूस्खलन के कारण 12 घंटे तक बाधित रहा। रविवार को पहले सुबह एनएच दो से तीन घंटे बंद रहा। दोबारा रात को नौ से दस बजे के करीब एनएच भूस्खलन से बंद हो गया। मौकेे पर कोई मशीनरी नहीं थी। रात भर एनएच बंद रहा। सुबह 11:00 बजे एनएच बहाल हो सका।