हिमाचल के लाहौल में बर्फबारी से बढ़ीं दुश्वारियां।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश में चेतावनी के बीच हिमस्खलन का सिलसिला जारी है। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल से चार किलोमीटर दूर कोकसर के पास फुमड़ नाला में गुरुवार देर रात हिमस्खलन हुआ, जिससे लाहौल-स्पीति का संपर्क जिला मुख्यालय केलांग के साथ-साथ मनाली से भी दिनभर कटा रहा। अटल टनल रोहतांग और जिला के कई मुख्य मार्ग भी हिमस्खलन से बंद हो गए हैं। कोकसर में तीन दिनों में यह चौथा हिमस्खलन हुआ है। वहीं, पिछले तीन दिन हुई जोरदार बारिश-बर्फबारी के चलते प्रदेश की 78 सड़कों पर यातायात बंद पड़ा है। उधर, कोकसर में 12 साल बाद अप्रैल के तीसरे हफ्ते डेढ़ फीट बर्फबारी दर्ज हुई है। इससे पहले अप्रैल 2011 में कोकसर व इसके आसपास के इलाकों में अप्रैल में इतनी बर्फबारी हुई थी। बारिश-बर्फबारी के चलते प्रदेश में 169 बिजली ट्रांसफार्मर ठप रहे। इससे प्रदेश के चार जिलों कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा में कई जगह बिजली बंद है।
इतने दिन खराब रहेगा मौसम
हालांकि तीन दिन बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि के बाद हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में शुक्रवार को मौसम खुलने से राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों में शनिवार और रविवार को बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। 25 अप्रैल तक इन क्षेत्रों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। चार मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में शनिवार से मौसम साफ रहने के आसार हैं।
रोहतांग दर्रा में 90 सेंटीमीटर तक बर्फबारी
उधर, शुक्रवार दोपहर बाद कुल्लू, मनाली और लाहौल के ऊंचे इलाकों में चौथे दिन भी हल्की बर्फबारी का दौर जारी रहा, जबकि दोपहर 2:00 बजे के बाद कोकसर के साथ रोहतांग दर्रा व अटल टनल के दोनों छोर सहित अन्य चोटियों पर भी बर्फबारी हुई। अटल टनल के साउथ पोर्टल के आसपास शाम को भी बर्फबारी हुई। बीते तीन दिनों में रोहतांग दर्रा में 90 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज हुई है। कोकसर, अटल टनल नॉर्थ, तेलिंग, ग्रांफू में 30 से 40 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज हुई।
हिमालय रेंज में हिमस्खलन की चेतावनी
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लाहौल-स्पीति के साथ हिमालय रेंज में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के कोकसर पंचायत में पिछले तीन दिनों से भारी बर्फबारी हुई है। इसके चलते पहाड़ों और नालों से हिमस्खलन का गिरना जारी है। गुरुवार रात को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई।
अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में
बिलासपुर 34.0
ऊना 32.8
धौलाकुआं 32.3
हमीरपुर 30.0
कांगड़ा 29.4
मंडी 27.8
नाहन 36.8
धर्मशाला 25.0
सोलन 24.5
शिमला 19.4