स्नो गैलरी के पास फिर दो बार हुआ हिमस्खलन
- फोटो : संवाद
अटल टनल रोहतांग से पहले बनी स्नो गैलरी के पास रविवार को फिर दो बार हिमस्खलन हुआ। एक ही दिन में दो बार हिमस्खलन से मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों के पहिये एक घंटे तक थमे रहे। इसके बाद सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने बर्फ हटाकर यातायात बहाल किया। एक सप्ताह में इस मार्ग पर हिमस्खलन की यह चौथी घटना है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह स्नो गैलरी के समीप हिमस्खलन के करण कुछ देर के लिए यातायात बंद रहा। दोपहर को फिर स्नो गैलरी के समीप हिमस्खलन हुआ, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बंद रहा।
हिमस्खलन के बाद सड़क में दोनों ओर से यातायात रोक दिया गया। बर्फ हटाने के लिए लगाई गई मशीनरी ने बर्फ को हटाकर सड़क के किनारे किया। इसके बाद ही वाहन आगे निकल सके। एसडीएम मनाली डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि अब यातायात खोल दिया है। फिलहाल इस मार्ग पर सिर्फ फोर वाई फोर वाहनों को चलने की अनुमति है। उन्होंने पर्यटकों और लोगों से अपील की है कि इस मार्ग पर सफर के दौरान सावधानी बरतें।