जीवंत अभिनय और लाइव संगीत ने बांधा समां संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। गेयटी थियेटर में शनिवार शाम रंगमंच और भावनाओं का ऐसा संगम देखने को मिला कि दर्शक नाटक के पात्रों के साथ हंसते तथा भावुक होते नजर आए। कलाधारा थियेटर एंड आर्ट ग्रुप अंबाला की ओर से आयोजित तीन दिवसीय थियेटर फेस्टिवल के दूसरे दिन गॉथिक हॉल में नटसम्राट नाटक का मंचन किया गया।
नाटक में कलाकारों के जीवंत अभिनय, दमदार संवाद अदायगी और भावनात्मक दृश्यों ने दर्शकों को गहराई तक प्रभावित किया। मंचन के समापन पर दर्शकों ने कलाकारों की खूब सराहना की। कार्यक्रम में शिमला ग्रामीण के एसडीएम कार्तिकेय शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की जबकि नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान भी विशेष रूप से मौजूद रहे। ग्रुप के निर्देशक अंकुर मिश्रा के निर्देशन में प्रस्तुत नाटक के भावनात्मक प्रसंगों को रोहित अभिषेक निगम के लाइव संगीत ने और प्रभावशाली बना दिया। अभिनय और संगीत के बेहतरीन तालमेल ने पूरे वातावरण को नाटकीय संवेदनाओं से भर दिया। नाटक में नटसम्राट की मुख्य भूमिका यश शर्मा ने निभाई, जबकि उनकी पत्नी के किरदार में पायल शर्मा ने अपने अभिनय की छाप छोड़ी। बेटे और बहू की भूमिका में मनीष और कंचन तथा बेटी और दामाद के किरदार में ज्योति और अंकुश ने प्रभावशाली अभिनय किया। वहीं नौकर की भूमिका में रॉबिन और अक्षित तथा राजा के किरदार में जनक ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। अन्य भूमिकाओं में देवास, तरण और विवेक ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।