छह सरकारी स्कूलों के 120 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। निष्काम सृजन फाउंडेशन की ओर से शनिवार को रझाना में अंतरविद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राजकीय प्राथमिक पाठशाला रझाना में आयोजित इस प्रतियोगिता में खलीनी क्लस्टर के छह सरकारी प्राथमिक विद्यालयों के 120 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में प्रारंभिक शिक्षा जिला शिमला की उपनिदेशक निशा भलूनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रतियोगिता में राजकीय प्राथमिक पाठशाला विकासनगर, पट्टी, खलीनी, बीसीएस, न्यू शिमला और रझाना के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। बच्चों की आयु और कक्षा के अनुसार प्रतियोगिताओं को तीन श्रेणियों में बांटा गया। इनमें पहली और दूसरी कक्षा, तीसरी कक्षा तथा चौथी और पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग मुकाबले करवाए। इस दौरान दौड़, रस्साकशी, रिले रेस और म्यूजिकल फ्रीज सहित कई मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
प्रतियोगिता के अंत में विजेताओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक बच्चे को सहभागिता प्रमाणपत्र के साथ कॉपी और पेंसिल भेंट कर प्रोत्साहित किया गया। मुख्य अतिथि निशा भलूनी ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए ताकि वह स्वस्थ और तंदरुस्त रह सकें। उन्होंने फाउंडेशन की ओर से आयोजित की जाने वाली इन प्रतियोगिताओं की सराहना की। खेल गतिविधियों का संचालन सुंदर काल्टा ने किया। इस अवसर पर पंचायत रझाना के प्रधान नरेश कुमार और उपप्रधान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।