जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के लोगों के लिए अटल टनल एक नया सवेरा लेकर आई है। टनल के उद्घाटन की खुशी में लाहौल के लोग जमकर जश्न मना रहे हैं। शनिवार को रात भर लाहौल के ग्रामीण इलाकों में जश्न का दौर चला। कई गांवों में लोग रात भर नाचते-गाते रहे। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने भी केलांग में नाटी डाली।
वहीं, कांग्रेस के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने महिलाओं के साथ खुशी मनाते हुए डांस किया। केलांग में भाजपा ने टनल के उद्घाटन की खुशी में धाम परोसी। उदयपुर में भी रात भर नाटी का दौर चला। मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने कहा कि यह पल लाहौलियों के लिए ऐतिहासिक है। पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को धरातल पर उतारकर जनजातीय लोगों को ऐसी सौगात दी है, जो जनजातीय लोगों की तकदीर बदल देगी।
हर लाहौली के चेहरे पर मुस्कान देखी जा सकती है। घाटीवासी राजेश कुमार, हरि, देविका, डोलमा और पुष्पा ने कहा कि अटल टनल का खुलना जनजातीय लोगों का सपना पूरा होने जैसा है। सर्दियों में शेष विश्व से कटने के कारण क्षेत्र के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता था।