प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में अटल आदर्श आवासीय विद्यालय खुलने की राह आसान हो गई है। प्रदेश सरकार ने नवोदय और केंद्रीय विद्यालय वाले क्षेत्रों में भी इन विद्यालयों को खोलने की मंजूरी दे दी है। पहले नवोदय और केंद्रीय विद्यालय जिन विधानसभा क्षेत्रों में थे, उनके लिए अटल आदर्श आवासीय विद्यालय मंजूरी नहीं होते थे। बुधवार को कैबिनेट बैठक में इस शर्त को हटा दिया है। प्रदेश मंत्रिमंडल ने बीते साल घोषित किए गए पंद्रह अटल आदर्श विद्यालयों को खोलने की मंजूरी भी दे दी है।
इन स्कूलों में छठी कक्षा से हॉस्टल सुविधा दी जाएगी। आधुनिक आईसीटी लैब, ऑडिटोरियम, जिम, स्वीमिंग पूल, डिजिटल पुस्तकालय, इंडोर और आउटडोर खेलों के लिए मैदान भी बनेंगे। स्कूल में मेडिकल ऑफिसर, पैरा मेडिकल के पद भी सृजित होंगे। आदर्श विद्यालय में सिर्फ संबंधित विधानसभा क्षेत्र के बच्चों को ही एडमिशन मिलेगी।
निर्धारित 50 सीटें भरने के लिए अधिक आयु वाले बच्चों को एडमिशन में प्राथमिकता मिलेगी। इन स्कूलों में शिक्षकों का कैडर भी अलग होगा। शिक्षक भर्ती नए सिरे से होगी। शिक्षकों का तबादला नहीं होगा। विशेष परिस्थितियों में ही शिक्षक डेपुटेशन पर ही जा सकेंगे। इन स्कूलों में नर्सरी क्लास से कक्षाएं शुरू की जाएंगी।