प्रो एचपीसीएल क्रिकेट लीग सीजन चार में हुई रोमांचक मुकाबले, रमन बिश्नोई ने 26 गेंदों में जड़े 69 रन
विज्ञापन
पूल-बी में चौपाल दो जीत के साथ शीर्ष पर शिलोनबाग रॉयल्स दूसरे स्थान पर पहुंची संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राजधानी के पंथाघाटी के पास पड़ेची गांव स्थित शिमला खेल मैदान में चल रही प्रो एचपीसीएल क्रिकेट लीग सीजन-4 में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में शिलोनबाग रॉयल्स, शिमला टाइटंस और एस्पायर इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
खेल आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में शिलोनबाग रॉयल्स ने 15 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 189 रन बनाए। अनमोल शर्मा ने 42 गेंदों में 87 रन की शानदार पारी खेली। राहुल शर्मा ने 39 और मनोज ने 33 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राइजिंग स्टार बल्देयां की टीम निर्धारित 15 ओवर में पांच विकेट पर 181 रन ही बना सकी। सचिन ने 29 गेंदों में 61 रन और वरुण सेन ने 15 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए। इस तरह शिलोनबाग रॉयल्स ने आठ रन से मुकाबला अपने नाम किया। दूसरे मुकाबले में शिमला टाइटंस ने चुड़ेश्वर लीजेंड्स सिरमौर को नौ रन से हराया। शिमला टाइटंस ने छह विकेट के नुकसान पर 130 रन बनाए। अंकित नरवाल ने 27 गेंदों में 44 और अभय ठाकुर ने नाबाद 26 रन बनाए। जवाब में चुड़ेश्वर लीजेंड्स की टीम नौ विकेट पर 121 रन ही बना सकी। पुनीत वर्मा ने 20 गेंदों में 29 और आकाश शर्मा ने 16 गेंदों में 31 रन बनाए।
तीसरे मुकाबले में एस्पायर इलेवन ने महेश्वर साम्राज्य शांगरीला फार्म्स चौपाल को छह विकेट से शिकस्त दी। महेश्वर साम्राज्य शांगरीला फार्म्स ने छह विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए। सुनीत ने 35 गेंदों में 60 और हेमंत कुमार ने 22 गेंदों में 35 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एस्पायर इलेवन ने 12.5 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। रमन बिश्नोई ने 26 गेंदों में 69 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि विपुल शर्मा ने महज नौ गेंदों में 36 रन बनाए। कमेटी के सदस्य स्वप्निल चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता में पूल-बी के मुकाबले खेले जा रहे हैं। पूल-बी की अंक तालिका में चौपाल की टीम तीन मुकाबलों में दो जीत के साथ पहले स्थान पर है, जबकि शिलोनबाग रॉयल्स चार मुकाबलों में दो जीत के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का समापन तीन दिसंबर को होगा।