जिला ऊना के देहलां गांव के निवासी कबड्डी खिलाड़ी डिफेंडर विशाल भारद्वाज का चयन एक बार फिर भारतीय टीम के लिए हुआ है। विशाल चौथी बार टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। कबड्डी टीम की घोषणा की सूचना पाकर अपने पैतृक गांव में मौजूद होनहार कबड्डी खिलाड़ी सहित उनके परिजन भी फूले नहीं समा रहे।
भारतीय टीम का हिस्सा बने विशाल अगले महीने कोरिया गणराज्य के बुसान में होने वाली एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप-2023 में भारतीय टीम के लिए अपना दमखम दिखाते नजर आएंगे। विशाल भारद्वाज ने बताया कि प्रतियोगिता में एशिया की सभी टीमें हिस्सा लेंगी। उनका लक्ष्य ईरान और पाकिस्तान की टीमों को हराने के लिए रहेगा। हालांकि किसी भी टीम को हल्के में नहीं लेंगे लेकिन इन दोनों टीमों के खिलाड़ियों के साथ कबड्डी मैदान पर रोमांच सातवें आसमान पर होता है।
तीन एशियन गेम्स में उतरे, हर बार जीता गोल्ड
प्रदेश और जिला ऊना का नाम कबड्डी में रोशन करने वाले विशाल भारद्वाज इरान में हुईं जूनियर एशियन चैंपियनशिप 2016 और 2017 में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं जबकि वर्ष 2019 में नेपाल में हुई साउथ एशियन गेम्स में भाग लेकर गोल्ड मेडल हासिल कर चुके हैं। अब चौथी बार वह भारतीय टीम का हिस्सा बने हैं।
प्रो-कबड्डी में भी मनवा चुके हैं लोहा
विशाल प्रो-कबड्डी के स्टार खिलाड़ी भी हैं। अब तक वह छह सीजन इसके खेल चुके हैं। विशाल तेलुगू टाइटंस टीम के दो बार और पुणेरी पलटन में एक बार कप्तानी कर टीमों को मार्गदर्शन दे चुके हैं। वह यहां डिफेंडर लेफ्ट कॉर्नर के रूप में दूसरी टीमों के खिलाड़ियों को अपने जोर से चित्त करते रहे हैं।