एशियन खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलवाने में बिलासपुर की निधि शर्मा ने अहम योगदान दिया। ग्राम पंचायत के दयोथ के भजूण गांव स्थित निधि शर्मा के घर में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। निधि के पिता जयदेव शर्मा खेतीबाड़ी और मजदूरी करते हैं। माता शर्मिला शर्मा गृहिणी हैं। साधारण परिवार से संबंध रखने वाली निधि शर्मा की प्रारंभिक शिक्षा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दयोथ से हुई।
इस स्कूल में शारीरिक शिक्षक अमरजीत ठाकुर के मार्गदर्शन में कबड्डी खेलना शुरू किया। इसके बाद राज्य खेल छात्रावास बिलासपुर में कबड्डी कोच रतन लाल और संजीव कुमार के मार्गदर्शन में निधि शर्मा ने इंडियन कबड्डी टीम में जगह बनाई। निधि शर्मा के चाचा और पंचायत प्रधान राजेंद्र कुमार ने बताया की पूरा परिवार बेटी की इस उपलब्धि पर खुश है। परिवार और गांव वालों ने मिठाई बांट कर जश्न मनाया। माता शर्मिला शर्मा ने बताया की निधि शर्मा जब भी घर आती है तो वह घास काटना, खाना बनाना जैसा काम करती हैं।
वहीं, निधि शर्मा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने सादा जीवन जीने वाले माता-पिता और प्रशिक्षक अमरजीत, रतन लाल और संजीव कुमार को दिया है। इधर, एक निधि शर्मा की कामयाबी पर माता-पिता और ग्रामीण जश्र मना रहे हैं, दूसरी ओर अभी तक किसी बड़े नेता या जनप्रतिनिधि ने निधि शर्मा को किसी भी माध्यम से बधाई नहीं दी है। इससे ग्रामीणों में भी रोष है।