नाटी किंग कुलदीप शर्मा के गीतों पर खूब झूमे लोग
स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी दीं मनमोहक प्रस्तुतियां अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शिमला के मशोबरा में स्थित राष्ट्रपति निवास में शनिवार को शरद उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें नाटी किंग कुलदीप शर्मा के गीतों पर लोग जमकर झूमे।
कार्यक्रम में स्कूल और कॉलेज की छात्राओं ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों को हिमाचली संस्कृति और खानपान से रूबरू होने का मौका मिला। शरद उत्सव राष्ट्रपति निवास मशोबरा का सालाना आयोजन है। इस उत्सव में बड़ी संख्या में जिले के स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नाटी किंग कुलदीप शर्मा रहे। उन्होंने अपने बेहतरीन गायन से उपस्थित लोगों को नाचने पर मजबूर कर दिया। जम्मू और कश्मीर राइफल्स के रघु प्रताप पाइप बैंड ने अपनी मधुर धुनों से हल्की ठंडक के बीच स्वर लहरियां घोल दीं।
लोरेटो कॉन्वेंट की विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। जेएनवी ठियोग की छात्रा अयाना ने कत्थक और सेंट बिड्स कॉलेज की छात्राओं ने पंजाबी लोक नृत्य पेशकर खूब तालियां बटोरीं। मारिया मॉन्टेसरी हाई स्कूल कुफरी, गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल मशोबरा और आईटीआई मशोबरा की छात्रा जागृति ने नाटी से लोगों का मन मोह लिया। राष्ट्रपति निवास अपनी विशिष्ट निर्माण शैली और खूबसूरत मशोबरा घाटी के कारण देश विदेश के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। वर्ष 1850 में बना यह ऐतिहासिक भवन अपने 175 वर्ष पूरे कर रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के निर्देश पर राष्ट्रपति निवास को आम जनता के लिए खोल दिया है। यही वजह है कि हर रोज कार्यक्रम का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक और लोग राष्ट्रपति निवास आते हैं। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति निवास के मैनेजर संजू डोगरा और अन्य अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और उपहार देकर सम्मानित किया।