रिज मैदान पर दिखने वाले दृश्यों को कैनवास पर उकेरा संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव में रिज मैदान पर सोमवार को कैनवास ऑफ द हिल्स कला महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान देशभर से आए कलाकारों ने कैनवास पर शिमला की सुंदरता और प्राकृतिक दृश्य उकेरे।
कला महोत्सव में कलाकारों ने लाइव पेंटिंग बनाकर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। अधिकतर कलाकारों ने चर्च, राज्य पुस्तकालय और रिज मैदान पर दिखने वाले दृश्यों को वाटर कलर के साथ अपने कैनवास पर उकेरा। महोत्सव में पुणे, जोधपुर, विशाखापट्टनम, असम और शिमला सहित विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों ने भाग लिया। इसमें शिरीष देशपांडे, मनोज सोमन, संदीप खेडकर, नितिन महामुनी, महेंद्र कोंडेकर, सुहासिनी एम. कोंडेकर, राधा सोमन, विनीता पुरोहित लोहरा, गुलजार हुसैन, साई मणिकिरण वेदुरुपर्थी, वामसी किरण पैला, देबप्रिया बेजबरुआह, नक्शदीप सिंह और राजेंद्र मेहता शामिल रहे। उपायुक्त शिमला एवं अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने सभी कलाकारों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। कलाकारों ने अपनी विशेष कलाकृतियां भी उपायुक्त को भेंट की। महोत्सव के अगले चरण में कलाकार हिमालय की अनुपम सुंदरता को चित्रित करने के लिए स्पीति घाटी का भ्रमण करेंगे।