एचआरटीसी के करीब 10 हजार चालक-परिचालकों को करीब साढ़े तीन साल से एरियर और रात्रि ओवर टाइम भत्ता नहीं मिल पाया है। इसके चलते चालकों और परिचालकों में निराशा है। चालकों और परिचालकों के अनुुसार पूरे प्रदेश के करीब 10 हजार परिचालक बीते तीन साल से अधिक समय से एरियर ओर रात्रि ओवर टाइम भत्ते की अदायगी को लेकर प्रदेश सरकार के आगे अपनी आवाज बुलंद कर चुके हैं, लेकिन समस्या ज्यों की त्यों ही बनी हुई है।
साल 2012 में पंजाब की तर्ज पर हिमाचल में ग्रेड पे को 2,400 रुपये किया गया था, लेकिन 2016 में इस ग्रेड पे को वापस 1,900 रुपये कर दिया गया। तीन साल से एरियर और रात्रि ओवर टाइम भत्ता भी नहीं दिए जाने से इस वर्ग में रोष है। नाम न लिखने की शर्त पर एक परिचालक ने बताया कि रात में अतिरिक्त ड्यूटी देने पर जब अंत में तनख्वाह मिलती है, तो ऐसा लगता है कि नौकरी के नाम पर मजाक है।
एक अन्य परिचालक ने बताया कि चालक और परिचालक पूरी ईमानदारी के साथ ड्यूटी कर रहे हैं। करीब साढ़े तीन साल से रात्रि ओवरटाइम भत्ता नहीं मिल पाया है। हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रदेश के 10 हजार चालक-परिचालकों को करीब साढ़े तीन साल से एरियर और रात्रि ओवर टाइम भत्ते का भुगतान नहीं हो पाया है।