संशोधित डीबीटीएल योजना के तहत एक पते पर एक ही गैस कनेक्शन वालों को साल में 12 गैस सिलेंडरों पर सब्सिडी देने की घोषणा क्या हुई सस्ते सिलेंडर पाने के लिए जुगाड़बाजी का खेल भी शुरू हो गया।
उपभोक्ताओं ने अपने डबल कनेक्शन बचाने और सब्सिडी के तहत अधिक सस्ते सिलेंडर लेने के लिए तिकड़म भिड़ाना शुरू कर दिए हैं। डबल गैस कनेक्शन बचाने और सब्सिडी की चाहत में रातों रात कागजों पर घरों के बीच दीवारें खींचने लगी हैं।
लोग एक पते पर दो या दो से अधिक कनेक्शन वाले सब्सिडी बचाने के लिए हलफनामा दे रहे हैं कि भले ही उनके कनेक्शन एक ही पते पर हैं लेकिन उनका चूल्हा चौका अलग है।
गैस एजेंसियों में इस बाबत केवाईसी फार्म जमा हो रहे हैं। वहीं कई लोग कागजों में ही घरों का बंटवारा कर नया गैस कनेक्शन लेकर सब्सिडी बचाने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। केंद्र सरकार ने अप्रैल से मार्च तक सब्सिडी पर 12 गैस सिलेंडर देने का फैसला लिया है।