जिले में होने वाली सेना भर्ती रैली में 15 हजार 821 युवा भाग्य आजमाएंगे। भारतीय सेना की वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 17 जनवरी को पूरी हो गई। बिना एडमिट कार्ड कोई भी युवा सेना भर्ती स्थल में एंट्री नहीं कर पाएगा। हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिले के युवाओं लिए भर्ती रैली होगी।
तीन जिलों के पौने सोलह हजार युवाओं ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया है। युवाओं को एडमिट कार्ड 18 जनवरी के बाद मिल पाएंगे। रविवार को रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। रजिस्ट्रेशन के अंतिम दिन भी करीब पांच सौ युवाओं ने पंजीकरण करवाया।
युवाओं की मेल आईडी पर उनके एडमिट कार्ड भेजे जाएंगे। युवा 18 जनवरी के बाद मेल आईडी से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। सेना भर्ती पॉलीटेक्निक कॉलेज बड़ू में होगी। यह 23 जनवरी से 30 जनवरी तक चलेगी।
भर्ती निदेशक हमीरपुर कर्नल रोहित कुशवाहा ने बताया कि सेना भर्ती प्रक्रिया की रजिस्ट्रेशन की तिथि पूरी हो चुकी है। 17 जनवरी को अंतिम तिथि थी। करीब सोलह हजार युवाओं ने पंजीकरण करवाया है। 18 जनवरी के बाद युवा एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।