तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर की शैक्षणिक परिषद की 33वीं बैठक कुलपति प्रो. शशि कुमार धीमान की अध्यक्षता में हुई। शैक्षणिक परिषद की बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत दोहरी डिग्री कार्यक्रम को शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में दोहरी डिग्री कार्यक्रम शुरू होगा। इसी सत्र से विद्यार्थियों को दोहरी डिग्री की सुविधा मिलेगी। मंगलवार को कुलपति प्रो. शशि कुमार धीमान की अध्यक्षता में हुई शैक्षणिक परिषद की 33वीं बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत विवि में दोहरी डिग्री शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। मंजूरी के बाद विवि समेत संबंधित शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थी बैचलर ऑफ साइंस एंड मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीएस-एमबीए) और बैचलर ऑफ साइंस एंड मास्टर ऑफ साइंस (बीएस-एमएस) में दोहरी डिग्री कर सकेंगे। शैक्षणिक परिषद ने जवाहर लाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज सुंदरनगर और हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला बिलासपुर में शोध केंद्र शुरू करने को भी मंजूरी दी।
विज्ञापन
अब दोनों इंजीनियरिंग कॉलेजों में पीएचडी की पढ़ाई शुरू की जाएगी। इसको लेकर परिषद ने समिति का गठन कर नियम तय करने के निर्देश दिए हैं। कुलपति ने कहा कि इंजीनियरिंग के क्षेत्र में शोध को बढ़ावा देने के लिए दोनों कॉलेजों में पीएचडी प्रोग्राम शुरू किए जा रहे हैं। बैठक में तकनीकी विवि के कुलसचिव एवं शैक्षणिक परिषद के सदस्य सचिव कमल देव सिंह कंवर, अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो. जयदेव, डॉ. एसपी गुलेरिया, डॉ. हिमांशु मोंगा, डॉ. दीपक बंसल, डॉ. मनोज शर्मा मौके मौजूद रहे और एनआईटी उत्तराखंड के निदेशक प्रो. ललित अवस्थी, डॉ. विवेक कुमार, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. अभिलाष, डॉ. मनीष वशिष्ठ ऑनलाइन जुड़े।