सुरक्षा, सफाई कर्मचारियों और वार्ड अटेंडेंट के भरे जाएंगे 50-50 पद, डॉक्टरों व लैब कर्मियों के 62 पदों को भरने को दी मंजूरी
विज्ञापन
दो बसें किराये पर भी लेगा अस्पताल प्रबंधन अमर उजाला ब्यूरो शिमला। प्रदेश सरकार ने अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी (एआईएमएसएस) चमियाना में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न श्रेणियों के पदों के सृजन और रिक्त पदों को भरने की स्वीकृति प्रदान की है। इसमें डॉक्टरों समेत विभिन्न श्रेणियों के दो सौ से अधिक पद भरे जाएंगे।
सुपर स्पेशलिटी विभागों में चिकित्सकों, सीनियर रेजिडेंट, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ाई जाएगी। अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों, सफाई कर्मचारियों और वार्ड अटेंडेंट के 50-50 पद भरने को भी मंजूरी दी है। इसके अलावा डॉक्टरों, प्रोफेसरों और लैब कर्मचारियों के 62 पद भरने को भी मंजूरी दी है। इसके अलावा दो बसें किराये पर लेने की स्वीकृति प्रदान की है। आईजीएमसी शिमला और चमियाना के अन्य विभागों में स्वीकृत मौजूदा पदों को स्थानांतरित करने की मंजूरी दी है। क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर और सीनियर रेजिडेंट के पद स्वीकृत किए हैं। एनेस्थीसिया विभाग में प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर का एक-एक पद, असिस्टेंट प्रोफेसर के तीन और सीनियर रेजिडेंट के पांच पद मंजूर किए हैं। सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी (जीआई सर्जरी) विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर का एक-एक पद तथा सीनियर रेजिडेंट के चार पद स्वीकृत किए हैं। रेडियोडायग्नोसिस विभाग में प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर का एक-एक पद, असिस्टेंट प्रोफेसर के दो और सीनियर रेजिडेंट के आठ पद मंजूर किए हैं। इसके अतिरिक्त डाइटीशियन का एक, सीएसएसडी सुपरवाइजर के दो और चीफ फार्मासिस्ट का एक पद स्वीकृत किया है।
स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है और रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में पैथोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी और ब्लड बैंक के लिए लैब टेक्नीशियन के पांच-पांच पद भरे जाएंगे। इसके अलावा आरोग्य मित्र के चार, फिजियोथेरेपिस्ट के दो, चालक के तीन और जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) का एक पद भरने को भी मंजूरी दी गई है।