जरूरी प्रमाणपत्र जमा नहीं करने पर नगर निगम ने लिया फैसला, न पहचान पत्र मिलेंगे और न सामान बेचने की मिलेगी जगह
विज्ञापन
टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में लिया गया फैसला
लोअर, मिडिल व लक्कड़ बाजार में जारी रहेगी रोक अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में 500 से अधिक तहबाजारियों के पंजीकरण के आवेदन नगर निगम ने रद्द कर दिए हैं। अब इनका पंजीकरण नहीं होगा और न ही इन्हें सामान बेचने के लिए स्थान आवंटित किया जाएगा। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित शर्तें पूरी करने और सभी जरूरी प्रमाणपत्र जमा करवाने वाले तहबाजारियों को ही पंजीकरण और पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। बिना पहचान पत्र के बाजारों में दुकानें सजाने वालों का सामान जब्त किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई टाउन वेंडिंग कमेटी (टीवीसी) की बैठक में संपदा शाखा की ओर से रखे गए प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई। शाखा के अधिकारियों ने बताया कि अब तक शहर में 442 तहबाजारियों के पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें पहचान पत्र जारी किए जा चुके हैं। वहीं 500 से अधिक अन्य तहबाजारियों ने भी पंजीकरण के लिए आवेदन किया था लेकिन उनके आवेदन अधूरे पाए हैं। नगर निगम की ओर से आवेदन के साथ जमा करवाने के लिए जरूरी दस्तावेजों की जानकारी पहले ही दी जा चुकी है। इसके बावजूद संबंधित तहबाजारियों ने निर्धारित प्रमाणपत्र जमा नहीं करवाए। उन्हें दस्तावेज पूरे करने के लिए कई बार समय भी दिया गया। इसके बाद बैठक में फैसला लिया कि अधूरे दस्तावेजों वाले आवेदकों का पंजीकरण नहीं किया जाएगा। सभी औपचारिकताएं पूरी करने वाले तहबाजारियों को पहचानपत्र जारी होंगे। बिना पहचान पत्र के सामान बेचते पकड़े जाने पर संबंधित तहबाजारी का सामान जब्त किया जाएगा।
विज्ञापन
लोअर, मिडिल और लक्कड़ बाजार में जारी रहेगी पाबंदी
शहर के लोअर बाजार, मिडिल बाजार और लक्कड़ बाजार में सड़क पर दुकानें सजाने पर लगाई पाबंदी जारी रहेगी। नगर निगम के अनुसार यह क्षेत्र नो वेंडिंग जोन घोषित हैं। यहां किसी भी तहबाजारी को सामान बेचने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इन बाजारों से शिफ्ट किए तहबाजारी दोबारा यहां दुकानें लगाने की अनुमति मांग रहे हैं, लेकिन निगम प्रशासन ने फिलहाल इस मांग को स्वीकार नहीं किया है।
नए स्थान चिह्नित करने का उठाया मामला
टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में लक्कड़ बाजार स्थित एक निजी होटल के समीप बैठे तहबाजारियों को भी आवाजाही सुचारू रखने के लिए दूसरी जगह शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए। तहबाजारी प्रतिनिधियों ने शहर में नए स्थान चिह्नित करने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि आजीविका भवन में ग्राहकों की आवाजाही कम होने के कारण उनका कारोबार नहीं चल पा रहा है। ऐसे में लक्कड़ बाजार समेत शहर के अन्य क्षेत्रों में स्थान चिह्नित किए जाएं, जहां उन्हें सामान बेचने की अनुमति मिल सके। इस सुझाव के बाद नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल ने टीवीसी सदस्यों और निगम की टीम को लक्कड़ बाजार में संभावित स्थानों का निरीक्षण करने भेजा। यहां निरीक्षण के दौरान हंगामा हो गया। निगम की टीम अपनी सर्वे रिपोर्ट आयुक्त को सौंपेगी। इसके बाद ही संबंधित क्षेत्र में तहबाजारियों को बैठाने की अनुमति देने पर फैसला लिया जाएगा।