प्रदेश में इस बार सेब की पैदावार एक करोड़ पेटियां कम होंगी। इस बार सेब की महज 2.76 करोड़ पेटियों के उत्पादन का ही अनुमान है। पिछले साल 3.77 लाख पेटियों की पैदावार हुई थी। सेब की रेड डिलिशियस किस्मों को फसल कम होने के कारण बेहतरीन दाम मिल रहे हैं।
राज्य बागवानी विभाग का पूर्वानुमान है कि इस बार फलों का कुल उत्पादन 7.17 लाख मीट्रिक टन होगा। पिछले साल 7.55 लाख मीट्रिक टन फलों की पैदावार हुई। इस बार सेब की पैदावार 5.52 लाख मीट्रिक टन होने की संभावना है। यानी, सेब की कुल 2.76 करोड़ पेटियां होंगी।
इस साल 0.61 लाख मीट्रिक टन पलम, चेरी, एप्रीकॉट आदि स्टोन फ्रूट फसलें होने के आसार हैं। इनके अलावा 0.3 लाख मीट्रिक टन अखरोट और अन्य ड्राई फ्रूट्स की पैदावार होने की संभावना है। आम और नींबू प्रजाति के फलों का इस बार 1.1 मीट्रिक टन उत्पादन होने का अनुमान है।