सेब उत्पादकों ने कांग्रेस सरकार की किसान-विरोधी नीतियों, सेब एमआईएस योजना में कथित अनियमितताओं समेत अन्य मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। एचपीएमसी मुख्यालय के बाहर भाजपा सेब उत्पादकों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की अगुवाई भाजपा नेता चेतन सिंह बरागटा ने की। प्रदर्शन के दौरान बागवानों ने एचपीएमसी के प्रबंध निदेशक को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उद्यान कार्ड होने के बावजूद किसानों से बार-बार राजस्व दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। उद्यान कार्ड में बागवानी से जुड़ा संपूर्ण डाटा पहले से उपलब्ध है। इससे किसानों को अनावश्यक परेशानियों, भुगतान में देरी और मानसिक तनाव झेलना पड़ रहा है। सेब उत्पादकों ने एचपीएमसी पर गंभीर कुप्रबंधन का आरोप लगाया। उत्पादकों ने कहा कि कई क्षेत्रों में कलेक्शन सेंटर समय पर नहीं खोले गए, दैनिक लिफ्टिंग की सीमा तय कर दी गई और सड़क सुविधा होने के बावजूद ट्रक नहीं भेजे गए।