अनुराग ठाकुर ने ट्रिपल आईटी का निरीक्षण किया।
- फोटो : संवाद
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का काम केवल विरोध करना है। कांग्रेस देश में कुछ भी बदलाव नहीं देखना चाहती है। अग्निपथ योजना से बहुत बड़ा सुधार होगा। अग्निवीरों को दिया गया प्रशिक्षण जिंदगी भर काम आएगा। वहीं, बाद में रोजगार में द्वार भी खुले रहेंगे। चीन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस को संसद के अंदर और सड़क पर विशेष देश के प्रति बयानबाजी करने से कतराते देखा है। संसद में इस मामले पर जवाब देने से कांग्रेस के नेता कन्नी काट जाते हैं। जब भारतीय सेना के वीर जवान चीन को भारत की सीमा में घुसने से रोक रहे थे।
उनका कड़ा मुकाबला कर रहे थे तो उस वक्त कांग्रेस के नेता राहुल गांधी चीन के एंबेसडर के साथ बैठकर चाइनीस सूप पी रहे थे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पूर्व सरकारों ने अपने कार्यकाल के दौरान देश की रक्षा आवश्यकताएं से समझौता किया जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सेना को राफेल जैसे आधुनिक लड़ाकू विमान और दो लाख बुलेट प्रूफ जैकेट उपलब्ध करवाकर सेना की ताकत में इजाफा किया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से हिमाचल प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता की बागडोर सौंपने जा रही है। सीएम जयराम ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के बीच चल रही जुबानी जंग पर उन्होंने कहा कि राजनीति में बयानबाजी चलती रहती है।
ट्रिपल आईटी में बढ़ सकती है प्रशिक्षुओं की संख्या: अनुराग
भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) सलोह का शैक्षणिक व हॉस्टल ब्लॉक बनकर तैयार हो गया है, जबकि खेल परिसर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसे शीघ्र ही पूर्ण कर इस राष्ट्र स्तरीय संस्थान का लोकार्पण किया जाएगा। यह जानकारी केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, खेल तथा युवा मामले मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्रिपल आईटी के दौरे में मीडिया कर्मियों को दी। उन्होंने बताया कि 60 एकड़ में फैले इस संस्थान पर 128 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके शैक्षणिक और हॉस्टल ब्लॉक का इस्तेमाल आरंभ कर दिया गया है। ट्रिपल आईटी सलोह में अध्ययन के लिए बेहतरीन सुविधाएं हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छोटे से कालखंड में संस्थान ने बेहतर काम किए गए हैं।
वर्तमान में इस संस्थान में 531 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जिनमें 499 छात्र हैं तो करीब 32 छात्राएं हैं। आने वाले समय में इस संस्थान में प्रशिक्षुओं की संख्या 700 तक करने के लिए भी उचित प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों के दौरान संस्थान से उत्तीर्ण हुए छात्र-छात्राओं को देश की जानी-मानी कंपनियों में नौकरी के बेहतर अवसर प्राप्त हुए हैं। बीते चार वर्ष पूर्व संस्थान की उच्चतर प्लेसमेंट दर 10 लाख रुपये सालाना थी। अब बढ़कर 47 लाख रुपये सालाना तक पहुंच गई है। औसतन दर छह लाख रुपये से बढ़कर 12 लाख सालाना पहुंच गई। इससे पहले ट्रिपल आईटी के निदेशक प्रो. एस सेल्वाकुमार ने संस्थान की उपलब्धियों का पूरा ब्योरा केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा और उन्हें प्रोजेक्ट की जानकारी दी। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश एसआईडीसी के उपाध्यक्ष प्रो. रामकुमार, उपायुक्त राघव शर्मा, ट्रिपल आईटी के रजिस्टार अमरनाथ गिल और अन्य मौजूद रहे।