फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अनुराग ने लिया कुलदेवी का आशीर्वाद, बेटे को गले लगा भावुक हो उठे पूर्व सीएम

Sat, 08 Jun 2019 07:27 PM IST
अरविन्द ठाकुर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अवाहदेवी/भोरंज(हमीरपुर)/
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को अपनी कुलदेवी माता अवाहदेवी के मंदिर में पूजा-अर्चना की और मां का आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से माता की चुनरी तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर अनुराग ठाकुर को सम्मानित किया गया। वहीं इससे पहले दिल्ली से समीरपुर स्थित अपने घर पहुंचे अनुराग ठाकुर को माता शीला धूमल और पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने गले लगाकर बधाई दी।

विज्ञापन


केंद्र सरकार में मंत्री बनने के बाद पहली बार घर पहुंचे बेटे को देख माता और पिता काफी भावुक हो गए। भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी और पूर्व मंडलाध्यक्ष अनिल ठाकुर ने शॉल, टोपी भेंट कर सम्मानित किया। अनुराग ने जनता का उन्हें चौथी बार जिता कर संसद में भेजने के लिए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि 70 बर्षों में पहली बार भाजपा को 70 प्रतिशत वोट हासिल हुए हैं जो कि अपने आप में एक रिकॉर्ड है तथा इसका श्रेय कर्मठ कार्यकर्ताओं तथा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता को जाता है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति की बात को सुनने तथा उनकी समस्याओं के हल को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।

विज्ञापन

- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से उन्हें नई जिम्मेदारी मिली है जिसे वह बखूबी निभाने का प्रयास करेंगे तथा प्रदेश और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। खरवाड़ में आयोजित भागवत कथा में भी अनुराग सिंह ठाकुर शामिल हुए।

इसके बाद गांव ढोह, सनेड़, तरक्वाड़ी, खरवाड़, पट्टा तथा उखली में स्थानीय लोगों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अनुराग सिंह ठाकुर के राज्य मंत्री बनने पर उन्हें बधाई दी तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कड़ी धूप से बेपरवाह लोग जगह-जगह सड़क के किनारे अपने लोकप्रिय नेता की एक झलक पाने को बेताब दिखे।

- फोटो : अमर उजाला
उखली में पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर अनुराग सिंह ठाकुर और कार्यकर्ताओं ने नाटी डाल कर अपनी खुशी का इजहार किया। संगरोह में अनुराग ठाकुर को 75 किलो लड्डुओं के साथ तराजू पर तोला गया।

इस अवसर पर जिला भाजपा महासचिव राकेश ठाकुर, स्थानीय पंचायत प्रधान संजीव कुमार, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष देश राज शर्मा, भोरंज के पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, पूर्व मंडलाध्यक्ष अनिल ठाकुर, मंडल महासचिव अशोक कुमार, विपिन कुमार के अतिरिक्त काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विज्ञापन

मंत्री बाद में बना पहले कार्यकर्ता और आप लोगों को भाई हूं बेटा हूं : अनुराग

केंद्रीय राज्य मंत्री बनने के बाद पहली बार बिलासपुर पहुंचे अनुराग ठाकुर ने कहा कि मैं मंत्री बाद में बना हूं, पहले कार्यकर्ता और आप लोगों का भाई-बेटा हूं। आप सभी पहले ही तरह ही मुझसे मिलकर बात करें और काम बताएं।

बिलासपुर में अभिनंदन समारोह के दौरान अनुराग ने कहा कि उनकी प्राथमिकता प्रदेश के लिए पहले के मुकाबले अधिक पैसा और योजनाएं लाना है। उन्होंने भाजपा नेताओं से अपील की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास विजन के साथ आगे बढ़ना है।

सभी वर्गों के समान विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। इस सोच को बदलें कि किसने वोट दिया और किसने नहीं। जहां वोट कम पड़े, वहां काम अधिक करेंगे। उन्होंने दावा किया कि अगली बार बंगाल में भी भाजपा की सरकार बनेगी।

इसकी बौखलाहट अभी से ममता दीदी के चेहरे पर दिख रही है। कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार बेहतर काम कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल से अपील की कि वह अधिक से अधिक प्लान और डीपीआर केंद्र को भेजें, ताकि अधिक से अधिक राशि प्रदेश को मिल सके।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें