हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को नई दिल्ली में रेलमंत्री सदानंद गौड़ा से हिमाचल की लंबित रेल परियोजनाओं को लेकर मुलाकात की। उन्होंने आगामी रेल बजट में प्रदेश की परियोजनाओं के लिए ज्यादा से ज्यादा धन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
अनुराग ठाकुर ने भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेल परियोजना को लेकर रेल मंत्री से चर्चा की। कहा कि यह राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है, जो वर्ष 2009-10 में स्वीकृत होने के बावजूद अभी तक कोई खास प्रगति नहीं कर पाई है।
इसके अलावा नंगल डैम-तलवाड़ा रेललाइन को लेकर भी रेल मंत्री को अवगत कराया। बताया कि 1981-82 में मंजूर होने की बावजूद इस रेललाइन पर पिछले 33 वर्षों में मात्र 50 फीसदी काम हुआ है।
अनुराग ने रेल मंत्री से आग्रह किया कि आगामी रेल बजट में इन दोनों परियोजनाओं को पूरा करने के लिए आवश्यक धन उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने आग्रह किया कि आगामी बजट में ऊना से हमीरपुर रेल लाइन के सर्वेक्षण का प्रावधान भी किया जाए।
अंब-अंदौरा से दिल्ली के बीच चलने वाली हिमाचल एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा के लिए फर्स्ट एसी का एक डिब्बा लगाया जाए तथा डिब्बों की संख्या बढ़ाई जाए। ऊना से दिल्ली के बीच चलने वाली जन शताब्दी एक्सप्रेस के असुविधाजनक समय को लेकर भी उन्होंने चर्चा की।