हिमांशु के साथ अभिनेता अनुपम खेर
- फोटो : सोशल मीडिया
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के शोघी में रहने वाले पांच वर्षीय हिमांशु की पूरी पढ़ाई का जिम्मा अब अनुपम खेर फाउंडेशन उठाएगी। बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी है। उन्होंने शुक्रवार सुबह पेज पर एक वीडियो साझा किया, जहां वे पांच वर्षीय बच्चे से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। अनुपम जतोग रेलवे स्टेशन पर अपने बचपन की यादें ताजा करने पहुंचते थे तो उनकी मुलाकात हिमांशु से हुई।
उन्होंने बच्चे को अपना परिचय दिया जोकि जतोग रेलवे स्टेशन से शोघी जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था। अनुपम खेर बच्चे की सादगी के मुरीद हो जाते हैं और उसके साथ कुछ पल बिताते हैं। वीडियो के अंत में अनुपम खेर के पूछने पर बच्चा बताता है कि उसके पापा हादसे के चलते इस दुनिया में नहीं रहे। इस पर अनुपम खेर बच्चे की पढ़ाई का खर्चा उठाने का एलान करते हैं, हालांकि यह बात वीडियो के कैप्शन में उन्होंने साफ किया है कि उनकी फाउंडेशन बच्चे की पूरी पढ़ाई का खर्चा उठाएगी।
बता दें अनुपम खेर फाउंडेशन साल 2008 से जरूरतमंद बच्चों की मदद में जुटी है। फाउंडेशन बच्चों को बेहतर भविष्य देने के लिए उनकी पढ़ाई के साथ समग्र विकास करने में मदद करती है। वहीं अस्पतालों में गंभीर रोगों से ग्रसित बच्चों के ईलाज में भी फाउंडेशन अपना योगदान देती है।