स्कूली छात्र छात्राओं, नौकरी पेशा लोगों सहित लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी
सुबह बालूगंज क्रासिंग से बस अड्डे तक पैदल चले यात्री
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला में सोमवार को ट्रैफिक जाम के कारण शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। प्रदेश सचिवालय के बाहर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के धरने के कारण सर्कुलर रोड पर वाहनों की कतार लग गईं। इससे लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
ट्रैफिक जाम के कारण स्कूल के छात्र-छात्राओं, सरकारी और निजी क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों तथा आम लोगों की दिक्कतें बढ़ गईं। शहर में रोज की तरह सुबह नौ बजे से क्रॉसिंग से लेकर ओल्ड बस अड्डे तक जाम लगना शुरू हो गया था। इस वजह से लोगों को क्रॉसिंग से टिंबर हाउस तक पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। बालूगंज क्रॉसिंग से बस अड्डे तक पहुंचने में भी लोगों को लगभग एक घंटे का समय लगा।
बालूगंज क्रॉसिंग में जाम में फंसी बसों के कारण कई यात्रियों को पैदल ही पुराना बस अड्डा तक का सफर तय करना पड़ा। बालूगंज से पुराना बस अड्डा जा रही यात्री अंकिता ने बताया कि सुबह नौ बजे ही क्रॉसिंग पर जाम लग गया था। बस जाम में फंस जाने के कारण उन्हें पैदल ही पुराना बस अड्डा तक जाना पड़ा, जहां से उन्हें सेंट एडवर्ड स्कूल तक के लिए बस मिली।
सुबह करीब ग्यारह बजे तक सर्कुलर रोड पर बस अड्डे से संजौली की ओर वाहनों की आवाजाही सामान्य रही, लेकिन साढ़े ग्यारह बजे सचिवालय के बाहर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन शुरू हो गया, जो ढाई बजे तक जारी रहा। इस दौरान सचिवालय से संजौली की ओर जाने वाली सड़क पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। चमियाना अस्पताल से मरीज को लेकर आ रहे धर्मपुर निवासी तनीश ने बताया कि साढ़े बारह बजे जब वे संजौली होकर लौट रहे थे, तो संजौली से ही जाम लगना शुरू हो गया था। करीब ढाई बजे जाम खुलने के बाद ही वे सोलन की ओर निकल पाए।
इसके बाद भी सर्कुलर रोड पर बीच-बीच में ट्रैफिक जाम लगता रहा। पर्यटकों के वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण लिफ्ट पार्किंग के पास रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। यहां ब्रिज निर्माण कार्य के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे सैलानियों की अधिक संख्या और तंग सड़क के चलते लोगों को लगातार ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ रहा है।