जिले में केंद्रों के आधुनिकीकरण का कार्य शुरू, 93 में कार्य आरंभ, 281 को मंजूरी का है इंतजार
विज्ञापन
आरओ की मिलेगी सुविधा, पोषण वाटिका भी बनेगी
हर केंद्र को एक लाख रुपये से किया जाएगा अपग्रेड एक्सक्लूसिव दीक्षा सरोय
शिमला। जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के आधुनिकीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। पहले चरण में 93 आंगनबाड़ी केंद्रों को अपग्रेड किया जा रहा है, जबकि 281 के उन्नयन (अपग्रेड करना) को मंजूरी मिलने का इंतजार है।
आधुनिकीकरण के बाद इन केंद्रों में बच्चों को स्मार्ट लर्निंग की सुविधा मिलेगी। साथ ही एलईडी टीवी, वाई-फाई, आरओ आधारित शुद्ध पेयजल और पोषण वाटिका जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। प्रत्येक केंद्र के उन्नयन पर एक लाख रुपये खर्च होंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 योजना के तहत केंद्रों में आधुनिक सुविधाएं विकसित कर रहा है। इसके तहत बच्चों को डिजिटल माध्यम से खेल-खेल में सीखने का अवसर मिलेगा। एलईडी टीवी के माध्यम से शैक्षिक और मनोरंजक सामग्री दिखाई जाएगी जबकि वाई-फाई सुविधा से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी नवीनतम जानकारी और डिजिटल संसाधनों तक पहुंच मिलेगी। स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक केंद्र में आरओ सिस्टम लगाया जाएगा। योजना के तहत पहली किस्त जारी होने के बाद केंद्रों में 'बाला' (बिल्डिंग एज लर्निंग एड) आधारित शिक्षण सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। इसमें चार्ट, आकर्षक पोस्टर, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) से जुड़े शिक्षण उपकरण और बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के खिलौने शामिल होंगे। बच्चों के बेहतर पोषण को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण वाटिका भी विकसित की जाएगी। इनमें जैविक सब्जियां और फल उगाए जाएंगे। इससे बच्चों को ताजा और पौष्टिक आहार उपलब्ध हो सकेगा।
विज्ञापन
यह है सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 योजना सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 योजना का उद्देश्य छह वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं में कुपोषण को कम करना तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार करना है। योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। पोषण भी, पढ़ाई भी पहल के माध्यम से बच्चों के शारीरिक, मानसिक और प्रारंभिक शैक्षिक विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही केंद्रों में पोषण वाटिकाएं विकसित कर पौष्टिक सब्जियां और फल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
93 केंद्रों में काम शुरू, 281 और होंगे अपग्रेड
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी ममता पॉल ने बताया कि जिले में सक्षम आंगनबाड़ी योजना के तहत 93 केंद्रों को अपग्रेड किया जा रहा है, जबकि 281 अन्य केंद्रों का भी चरणबद्ध तरीके से उन्नयन किया जाएगा। स्वीकृत केंद्रों के संबंधित सीडीपीओ को योजना की पहली किस्त जारी कर दी है और कई स्थानों पर कार्य शुरू हो चुका है। केंद्रों के समग्र विकास के लिए विभिन्न विभागों के सहयोग से कार्य किया जाएगा।