ऐतिहासिक कस्बे हरिपुर में चोरी की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जहां सजा न जेल की मिली, न जुर्माने की। मंदिर के दानपात्र से सालभर का चढ़ावा उड़ाने वाले तीन नाबालिगों को मंदिर कमेटी ने अनोखे तरीके से सबक सिखाया। नाबालिगों को सात दिन तक रोजाना मंदिर आकर हनुमान चालीसा का पाठ करने, झाडू-पोंछा लगाने और पूजा-अर्चना की सजा दी गई है। मामला बीते रविवार का है। हरिपुर के श्री रामचंद्र मंदिर परिसर स्थित मां नवदुर्गा मंदिर से अज्ञात बदमाशों ने दानपात्र पर हाथ साफ कर दिया था। चोरी की घटना का पता तब चला जब मंदिर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में खाली दानपात्र पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मंदिर कमेटी सक्रिय हुई और पुलिस को भी सूचित किया गया। जब मंदिर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो उसमें क्षेत्र के ही तीन नाबालिग लड़के चोरी करते हुए नजर आए।
हरिपुर के मंदिर में तीन नाबालिगों ने की थी चोरी झाडू-पोंछा भी करना होगा चूंकि मंदिर में चोरी के आरोपी नाबालिग थे, इसलिए मंदिर कमेटी ने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई से इन्कार किया। कमेटी और ग्रामीणों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया है। -मयंक चौधरी, एसपी देहरा।