एमडी, एमएस और डीएनबी काउंसलिंग सत्र 2026-27 के प्रथम राउंड के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को राहत मिली है। आवेदन प्रक्रिया के दौरान तकनीकी समस्याओं का सामना कर रहे अभ्यर्थियों को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब पात्र अभ्यर्थी 29 अक्तूबर को सुबह 11 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक एवं एमडी पाठ्यक्रमों की सामान्य, केंद्रीकृत काउंसलिंग समिति के सदस्य सचिव डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम राउंड की काउंसलिंग के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि पहले निर्धारित थी, लेकिन अभ्यर्थियों को आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण समय सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। ऐसे पात्र अभ्यर्थी, जिन्होंने अभी तक अपना ऑनलाइन आवेदन जमा नहीं किया है, वे निर्धारित समय के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम समय में वेबसाइट पर संभावित दबाव और अन्य असुविधाओं से बचने के लिए समय रहते आवेदन जमा कर दें।