एमबीबीएस प्रशिक्षुओं को रहेगी छुट्टी
आईजीएमसी के एमबीबीएस प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं को छुट्टी दी गई है। आईजीएमसी प्राचार्य डॉ. सीता ठाकुर ने बताया कि आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत मंगलवार तक छुट्टी रहेगी। कई प्रशिक्षु बाहर भी रहते हैं। लिहाजा आवाजाही की समस्या होने के चलते भी यह फैसला लिया है।
राजस्व विभाग में भी छुट्टियां रद्द
राजस्व विभाग में भी सभी फिल्ड कर्मियों व अधिकारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत यह फैसला लिया गया है। इस संबंध में मुख्य सचिव की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। भारी बारिश से हुए नुकसान को देखते हुए उन्होंने छुट्टी पर गए कर्मियों व अधिकारियों को तुरंत ड्यूटी ज्वाइन करने के निर्देश दिए हैं ताकि समय पर राहत व बहाली का कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि कोई भी कर्मचारी उच्च अधिकारी की बिना पूर्व अनुमति से छुट्टी पर नहीं जा सकेगा। अपरिहार्य परिस्थितियों में ही छुट्टी मंजूर की जाएगी।
बहुतकनीकी संस्थानों में नियमित और री अपीयर परीक्षाएं स्थगित
हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने भारी बारिश को देखते हुए 11 जुलाई को होने वाली नियमित और री अपीयर की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। परीक्षाओं को बोर्ड की ओर से जल्द री शेड्यूल किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड के सचिव आरके शर्मा ने बताया कि बोर्ड ने सरकार के आदेशों का अनुसरण करते हुए परीक्षाएं रद्द की गई हैं। इससे पहले 10 जुलाई को सुबह-सांय के सत्र में होने वाली बहुतकनीकी परीक्षाओं को स्थगित किया गया था। जल्द ही परीक्षाओं की तिथि को अलग से नोटिफाई कर सभी संस्थानों को भेज दिया जाएगा और इसकी सूचना बोर्ड की बेवसाइट पर भी उपलब्ध करवा दी जाएगी।
एचपीयू बिजनेस स्कूल में साक्षात्कार स्थगित
वहीं, प्रदेश भर में भारी बारिश के कारण हुए नुकसान और सड़कों के बंद होने के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने 10 और 11 जुलाई की सभी शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित कर दी हैं। विवि के प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र वर्मा ने छात्रों की सुरक्षा के देखते हुए यह निर्णय लिया है। विवि के अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. बीके शिवराम ने सोमवार को कार्यालय आदेश जारी किए। इसमें विवि के सभी शिक्षण विभागों, संस्थानों, एचपी यूनिवर्सिटी मॉडल स्कूल में कक्षाएं, साक्षात्कार स्थगित किए हैं। विश्वविद्यालय बिजनेस स्कूल और इंस्टीट्यूट ऑफ वोकेशनल स्टडीज में 10 जुलाई को नए सत्र में प्रवेश के लिए परामर्श और साक्षात्कार में भाग न लेने वाले विभागों, संस्थानों को इसके लिए नई तिथि तय कर जारी करने को कहा है।
कृषि विश्वविद्यालय में प्रवेश परीक्षा के लिए 17 तक बढ़ाई तिथि
वहीं, प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय ने प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की तिथि बढ़ा दी है। कुलसचिव डॉ. मधु चौधरी ने बताया कि मौसम में आए भारी बदलाव के चलते विवि प्रशासन ने युवाओं के लिए कृषि महाविद्यालय, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, बीटेक फूड साइंस, स्नातकोत्तर और पीएचडी में आवेदन करने वाले आवेदकों के लिए 17 जुलाई तक समय रखा है। पहले तिथि 10 जुलाई तय की गई थी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मेरिट आधारित प्रवेश के लिए 14 से 20 जुलाई में रखी काउंसलिंग की तिथियों को स्थगित कर दिया है। आवेदक अधिक जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट को नियमित तौर पर देखकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कमेटी ने जिला उपायुक्तों, जल शक्ति और लोक निर्माण अधिकारियों से की नुकसान की मंत्रणा
मुख्यमंत्री की ओर से गठित की गई कमेटी ने सोमवार को जिला उपायुक्तों, जल शक्ति, बागवानी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मंत्रणा की। कमेटी के अध्यक्ष व राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि हिमाचल में सैकड़ों सड़कें क्षतिग्रस्ति हुई हैं। जल शक्ति विभाग को भी भारी नुकसान हुआ है। बागवानी विभाग को भी करोड़ों का नुकसान हुआ है। मंगलवार से कमेटी के सदस्य अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
जल शक्ति विभाग ने अधिकारियों को जारी की एडवाइजरी
- सभी क्षतिग्रस्त योजनाओं को बहाल करने के निर्देश
- मुख्यालय को दिन में दो बार 10:00 और शाम 4:00 बजे सूचना देना अनिवार्य
- पानी की आपूर्ति से पहले पानी की शुद्धता को जांचना अनिवार्य
- पानी की शुद्धता के लिए ब्लीचिंग पाउडर की आवश्यक मात्रा डालें
- जूनियर इंजीनियरों को टैंकों, डिलीवरी बिंदुओं पर अवशिष्ट क्लोरीन का रिकॉर्ड रखना होगा
- जल जनित बीमारियों के प्रकोप से बचने के लिए पानी के नमूनों की जांच