इंटर कॉलेज महिला क्रिकेट चैंपियनशिप 15 से, क्रिकेट मैचों का शेड्यूल जारी
विज्ञापन
आरकेएमवी के मैदान में 20-20 ओवर के होंगे मैच संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला ने इंटर कॉलेज महिला क्रिकेट चैंपियनशिप 2025-26 का शेड्यूल जारी कर दिया है। प्रतियोगिता 15 से 18 दिसंबर तक आरकेएमवी शिमला के मैदान में होगी। शेड्यूल आने के बाद कॉलेज टीमों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। चैंपियनशिप के मुकाबले चार दिन तक चलेंगे। यह मैच 20-20 ओवर के होंगे।
पहला मुकाबला 15 दिसंबर को सरकारी कॉलेज रामपुर और ऊना के बीच सुबह खेला जाएगा। सोलन और आरकेएमवी का मैच 16 दिसंबर को होगा। धर्मशाला कॉलेज और एमसीएम डीएवी को सीधे अगले दौर में शामिल किया है। पहला सेमीफाइनल 16 दिसंबर, दूसरा सेमीफाइनल 17 दिसंबर और फाइनल मुकाबला 18 दिसंबर को सुबह 9 बजे खेला जाएगा। टूर्नामेंट टी-20 प्रारूप में होगा।
निर्देशों के अनुसार खिलाड़ियों के पहचान पत्र और योग्यता से जुड़े सभी दस्तावेज मैट्रिक, 12, स्नातक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और नए पहचान पत्र मैच से पहले जांचे जाएंगे। मैच इंग्लिश लेदर बॉल से खेले जाएंगे। टीमें अपनी गेंद साथ लाएंगी अन्यथा भुगतान पर मेजबान कॉलेज गेंद उपलब्ध कराएगा। हर टीम के साथ कॉलेज का शिक्षक या स्टाफ सदस्य मैनेजर के रूप में मौजूद रहेगा। अनुशासन संबंधी जिम्मेदारी भी उसी की होगी। उत्कृष्ट खेल दिखाने वाली खिलाड़ियों के नाम विश्वविद्यालय को भेजे जाएंगे। आरकेएमवी को बाहर से आने वाली टीमों को ठहराने की जिम्मेदारी सौंपी है। विश्वविद्यालय ने यह भी कहा है कि यदि कोई टीम मैच नहीं खेलना चाहती तो वह समय रहते सूचना दे ताकि अनावश्यक यात्रा खर्च और अव्यवस्था से बचा जा सके। फिक्सचर जारी होते ही स्थानीय कॉलेजों में उत्साह बढ़ गया है और अब खिलाड़ियों को चैंपियन बनने की तैयारी में जुट जाना है।